युजवेंद्र चहल विवाद में फंसे, एक्ट्रेस ने चैट दिखाकर लगाए आरोप
युजवेंद्र चहल विवाद में फंसे, एक्ट्रेस ने चैट दिखाकर लगाए आरोप
मुंबई : भारतीय क्रिकेट टीम और IPL में पंजाब किंग्स के प्रमुख स्पिनर युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal Controvercy) एक बार फिर खेल के मैदान से बाहर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन पर किसी और ने नहीं, बल्कि मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और अभिनेत्री तान्या चटर्जी (Taniya Chatterjee) ने गंभीर आरोप लगाए हैं। तान्या का दावा है कि चहल ने उन्हें सोशल मीडिया पर 'नॉटी' (शरारती) मैसेज भेजे हैं।
क्या है पूरा विवाद?
सोशल मीडिया पर हाल ही में एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें तान्या चटर्जी पैपराजी के सामने क्रिकेटर युजवेंद्र चहल की कथित सच्चाई उजागर करती नजर आ रही हैं। वीडियो में तान्या अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल का चैट बॉक्स दिखा रही हैं, जिसमें चहल की आईडी से दो मैसेज दिखाई दे रहे हैं। तान्या का दावा है कि ये मैसेज कुछ दिन पहले भेजे गए थे और इनकी प्रकृति आपत्तिजनक थी।
विवादों से पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब चहल अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में आए हैं। इससे पहले धनश्री वर्मा के साथ उनके रिश्तों की अनबन की खबरें और आरजे माहवश के साथ जुड़ा उनका नाम सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोर चुका है। आलोचकों का कहना है कि चहल अपने क्रिकेट करियर से ज्यादा इन दिनों विवादों के कारण लाइमलाइट में रहते हैं। हालांकि, तान्या चटर्जी के इन हालिया आरोपों पर अब तक युजवेंद्र चहल या उनके प्रतिनिधियों की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
कौन हैं तान्या चटर्जी?
तान्या चटर्जी मनोरंजन जगत का एक जाना-माना नाम हैं। कोलकाता की रहने वाली तान्या पेशे से एक्ट्रेस और मॉडल हैं। उन्हें विशेष रूप से एकता कपूर की एडल्ट वेब सीरीज 'गंदी बात' (सीजन 4) और 'उल्लू' ऐप की विभिन्न सीरीज में उनके बोल्ड किरदारों के लिए पहचाना जाता है। इंस्टाग्राम पर तान्या की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके 23 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वह कई म्यूजिक वीडियो में भी अपनी अदाकारी का जलवा बिखेर चुकी हैं।







